जल निकासी की समस्या दूर करने को एक बीघा जमीन दान करेंगे शाकिर
जोहड़ निर्माण के लिए एसडीएम कैराना से लगाई गुहार, ग्रामीण की पहल की हो रही सराहना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला (शामली)। ग्राम हाजीपुर दुगड्डा में जल निकासी को लेकर चल रहे विवाद का स्थायी समाधान निकालने के लिए गांव निवासी शाकिर पुत्र शाहदीन ने अनूठी पहल की है। उन्होंने गांव में जोहड़ (तालाब) का निर्माण कराने के लिए अपनी एक बीघा निजी भूमि दान करने का निर्णय लिया है। ग्रामीण की इस पहल की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
शाकिर ने उपजिलाधिकारी कैराना को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव में जल निकासी की व्यवस्था चार हिस्सों में बंटी हुई है। आरोप है कि अख्तर, इंसार, आसिफ, भूरा उर्फ नईम और इस्लाम उनके घर का गंदा पानी जबरन उनकी निजी भूमि में बहा रहे हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज करने, विवाद करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
जोहड़ निर्माण की मांग
शाकिर ने बताया कि जल निकासी की समस्या और आए दिन होने वाले विवाद से निजात दिलाने के उद्देश्य से उन्होंने अपनी एक बीघा निजी खाम भूमि गांव में जोहड़ निर्माण के लिए दान करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि हल्का लेखपाल और कानूनगो को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजकर चिह्नित भूमि पर जोहड़ खुदवाने की कार्रवाई कराई जाए। इससे गांव के गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था हो सकेगी और विवाद का स्थायी समाधान निकलने की उम्मीद है।
ग्रामीण की इस पहल को गांव में जल निकासी की समस्या दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।