
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। रोटरी क्लब बरेली फ्रेगरेंस की ओर से रविवार को राधेलाल कंठीराम सरस्वती शिशु मंदिर में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में लगभग 200 बच्चों की आंखों और दांतों की जांच की गई।
शिविर में डॉ. नितिन अस्थाना और डॉ. अक्षय गुप्ता ने बच्चों का डेंटल और आई चेकअप किया। जांच में जिन बच्चों में समस्या मिली, उन्हें परामर्श और दवाइयां दी गईं। शिविर के दौरान एक बालिका को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीन भी लगाई गई। क्लब की ओर से बच्चों को टूथब्रश, टूथपेस्ट, पुस्तकें और अन्य सामग्री वितरित की गई। इस दौरान बच्चों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। क्लब अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने कहा कि क्लब बच्चों के स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। समय पर जांच से समस्या की पहचान शुरुआती स्तर पर हो जाती है। कार्यक्रम में क्लब सचिव मुक्ता अग्रवाल, पूनम योगेंद्र, निधि अग्रवाल, शुभ्रा बंसल, मनीषा मेहरा, शालू मित्तल का सहयोग रहा। विद्यालय प्रबंधक ज्ञानेंद्र गुप्ता, उप प्रबंधक नीरज अग्रवाल, प्रधानाचार्य भगवान शरण भारद्वाज, उप प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र शर्मा, पूजा सक्सेना व राकेश सक्सेना भी मौजूद रहे।




