जामताड़ा
पीएम श्री विद्यालय पट्टाजोरी के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिमेश मंडल 5 सितंबर को राज्य स्तर पर सम्मानित होंगे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : झारखण्ड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT) रांची द्वारा आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर रांची के जे.ई.पी.सी. सभागार में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय पट्टाजोरी के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिमेश मंडल को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान, नवाचार और विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया जा रहा है।
श्री अनिमेश मंडल अपने कुशल विद्यालय प्रबंधन, प्रभावी नेतृत्व क्षमता, अनुशासित शैक्षणिक परिवेश और हमेशा विद्यालय विकास के प्रति समर्पित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व का ही परिणाम है कि वर्ष 2024-25 में यह उच्च विद्यालय ‘पीएम श्री विद्यालय’ के रूप में चयनित होकर तब्दील हुआ, जिससे क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने शिक्षण कार्य के साथ-साथ विद्यालय के भौतिक और शैक्षणिक ढांचे को सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस प्रतिष्ठित राज्यस्तरीय सम्मान की घोषणा के बाद से ही पट्टाजोरी विद्यालय परिवार, क्षेत्र के शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। सभी ने इसे विद्यालय और पूरे जामताड़ा जिले के लिए एक गौरवशाली क्षण बताया है। इस उपलब्धि से अन्य शिक्षकों को भी अपने दायित्वों का निष्ठावान निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।



