
अयोध्या । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या के हालात बदले वैसे ही बीते नौ साल में आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं के भी हालात बदले।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं और सहायिकाओं को संबोधित करते हुए उनका मानदेय बढ़ाने का एलान किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं को अब तक आठ हजार रुपये मानदेय मिलता था जिसे बढ़ाकर 12 हजार किया जाएगा। वहीं, सहायिकाओं को चार हजार की जगह छह हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर की सुविधा भी दी जाएगी। इसके साथ ही अतिरिक्त साड़ी के लिए भी राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं और सहायिकाओं को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पहले आंगनबाड़ी केंद्र वीरान पड़े रहते थे और केंद्र से भेजा गया पैसा सपा सरकार के लोग डकार जाते थे। हमने आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं और उनके काम को बीते नौ साल में व्यवस्थित रूप दिया।
सीएम योगी ने कहा कि सपा के लोगों ने अयोध्या के विकास का विरोध किया। यहां न बिजली थी न ही सड़कें। पर अब अयोध्या सोलर सिटी बन गई है। अयोध्या में अब विकास हो रहा है। पहले दो तीन घंटे ही बिजली आती थी अब अयोध्या रोशन हो गई है। उन्होंने कहा कि जैसे बीते नौ साल में अयोध्या के हालात बदले वैसे ही आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं के हालात में सुधार हुआ।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा-कांग्रेस ने राम मंदिर का विरोध किया। अयोध्या में विकास का विरोध किया लेकिन अयोध्या फिर भी विकसित हुई क्योंकि विकास करने के लिए इच्छाशक्ति चाहिए। अब अयोध्या में देश दुनिया के लोग आकर दर्शन कर रहे हैं।



