बालाघाट
नर्सिंग कॉलेज की ‘अनसूटेबल’ स्थिति से छात्रवृत्ति अटकी
भारत इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, उकवा के विद्यार्थियों ने कॉलेज की स्थिति सुधारने और लंबित छात्रवृत्ति दिलाने सौंपा आवेदन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : भारत इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, उकवा के विद्यार्थियों ने कॉलेज की वर्तमान स्थिति ‘Unsuitable’ होने के कारण छात्रवृत्ति प्रक्रिया प्रभावित होने की समस्या उठाई है। विद्यार्थियों का कहना है कि कॉलेज की स्थिति मान्य नहीं होने के चलते उनकी छात्रवृत्ति का आवेदन एवं भुगतान आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
विद्यार्थियों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, कॉलेज में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, जबकि अन्य कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का भुगतान हो चुका है। छात्रवृत्ति लंबित रहने से विद्यार्थियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा उनकी पढ़ाई और कॉलेज से संबंधित आवश्यक खर्च भी प्रभावित हो रहे हैं।
विद्यार्थियों ने मांग की है कि मामले की शीघ्र जांच कर संबंधित विभाग एवं कॉलेज प्रशासन को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए जाएं, ताकि भारत इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, उकवा की ‘Unsuitable’ स्थिति से संबंधित समस्या का समाधान हो सके। साथ ही पात्र विद्यार्थियों के लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों की प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र भुगतान कराया जाए।
विद्यार्थियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।




