सिंगरौली
बरगवां में ट्रेन की चपेट में आए तीन लोग, दो की मौके पर मौत
कसर रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा, एक गंभीर घायल जिला अस्पताल में भर्ती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के कसर में मंगलवार देर रात रेलवे ट्रैक पार करते समय तीन लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मृतकों की पहचान माड़ा थाना क्षेत्र के रैला निवासी जगनारायण साहू (45) और झकरकटिया निवासी जगदीश गुर्जर (60) के रूप में हुई है। हादसे में घायल बंधुलाल गुर्जर (31) को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बेटी को भवडार छोड़ने जा रहे थे
जानकारी के अनुसार तीनों अपनी बेटी को भवडार छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान कसर के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय वे ट्रेन की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही ट्रेन का उन्हें समय पर अंदाजा नहीं लग सका और ट्रैक पार करने के दौरान हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। समाजसेवी राजू सिंह ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए रखे गए हैं। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


