
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। पथरगामा प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम के खिलाफ जिप सदस्य अमित भगत के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और प्रखंड कार्यालय की कार्यशैली को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। धरना स्थल पर ग्रामीण शोभा देवी ने आरोप लगाया कि प्रखंड कार्यालय में अपने कार्यों को लेकर पहुंचने वाले लोगों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई अवसरों पर बीडीओ कार्यालय में नहीं मिलते हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। जिप सदस्य अमित भगत ने कहा कि बीडीओ के खिलाफ विभिन्न मामलों को लेकर जिला प्रशासन को कई आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी की ओर से संबंधित शिकायतों के संबंध में पक्ष रखने के लिए 18 जुलाई तक जवाब देने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। अमित भगत ने कहा कि क्षेत्र की जनता विभिन्न समस्याओं को लेकर परेशान है।जनप्रतिनिधियों के फोन का जवाब नहीं मिलना और आम लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना गंभीर विषय है। उन्होंने अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक बीडीओ के खिलाफ लगाए गए आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं आदि मौजूद थे।



