मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार AI जैसी नई तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध – उपायुक्त कंचन सिंह
Under the leadership of Chief Minister Hemant Soren, the Jharkhand government is committed to promoting new technologies like AI – Deputy Commissioner Kanchan Singh.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
सिमडेगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार नई तकनीकों एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में सिमडेगा जिला प्रशासन द्वारा जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों की क्षमता वृद्धि तथा सरकारी कार्यों में AI के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 एवं 11 सितंबर 2026 को दो दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के दौरान उपायुक्त, सिमडेगा श्रीमती कंचन सिंह ने कहा कि सिमडेगा जिला विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विकासात्मक पहलों के माध्यम से निरंतर प्रगति कर रहा है। ऐसे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी नई तकनीक का प्रभावी उपयोग प्रशासनिक कार्यों को तेज, गुणवत्तापूर्ण एवं अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि AI के माध्यम से पदाधिकारी एवं कर्मी कम समय में अधिक प्रभावी तरीके से कार्यों का निष्पादन कर सकेंगे। इससे सरकारी प्रक्रियाओं को सरल एवं सुगम बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सरल, पारदर्शी, प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित बनाना है। कार्यशाला को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान JSLPS एवं GDI Partners के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की अवधारणा, इसके विभिन्न उपयोगों तथा सरकारी कार्यों में इसकी संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को विभिन्न AI टूल्स से परिचित कराने के साथ-साथ Hands-on Practical Sessions भी आयोजित किए गए, ताकि वे AI का व्यावहारिक उपयोग अपने दैनिक प्रशासनिक कार्यों में कर सकें। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन एवं तकनीकी मार्गदर्शन GDI के विशेषज्ञ श्री अंशुल गुप्ता एवं सुश्री जान्हवी बहादुर द्वारा किया गया। वहीं, JSLPS की ओर से राज्य स्तरीय पदाधिकारी श्री बिष्णु चरण परिडा, श्री अमित जैन, श्री हेम राज एवं अन्य पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण के समन्वय एवं तकनीकी सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पहल के साथ सिमडेगा जिला जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के लिए AI प्रशिक्षण आयोजित करने वाले राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है। दो दिवसीय कार्यशाला के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सिमडेगा जिला प्रशासन की यह पहल सरकारी कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने तथा प्रशासनिक कार्यों में दक्षता, गुणवत्ता और गति लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

