खेत की भूमि पर जबरन मेड़ लगाने का आरोप, किसान ने पुलिस से लगाई गुहार
विरोध करने पर परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला : कस्बे के मोहल्ला गुजरान निवासी एक किसान ने पड़ोसी पर उसके खेत की भूमि पर कथित रूप से जबरन मेड़ खड़ी करने तथा विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। किसान ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।मोहल्ला गुजरान निवासी किसान तारिक के अनुसार गांव सलेमपुर में उसकी कृषि भूमि है। आरोप है कि पड़ोसी द्वारा काफी समय से उसके साथ विवाद किया जा रहा है और आए दिन अभद्र व्यवहार किया जाता है। किसान का आरोप है कि हाल ही में पड़ोसी ने उसकी भूमि पर बिना सहमति के जबरन मेड़ डाल दी।तारिक का कहना है कि जब उसने तथा उसके परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार आरोपी एससी-एसटी सहित अन्य गंभीर धाराओं में झूठा मुकदमा दर्ज कराकर उसे और उसके परिवार को फंसाने की धमकी भी दे रहा है।
किसान ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर खेत की भूमि से संबंधित विवाद का समाधान कराने तथा दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।