गोड्डा
मोतिया ओपी क्षेत्र में गोलीबारी मामले का पुलिस ने किया खुलासा
आरोपी संतोष मंडल 24 घंटे में गिरफ्तार,एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। मोतिया ओपी थाना क्षेत्र के गंगटा फसिया स्थित फुटानी चौक में 13 सितंबर की शाम हुई गोलीबारी की घटना का गोड्डा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संतोष मंडल उर्फ गुड्डू मंडल को घटना के महज 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता का आयोजन कर संवाददाताओं को अहम जानकारी दी है। उन्होंने बताया किजमीन विवाद और आपसी रंजिश को लेकर संतोष मंडल ने अनिल मंडल को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं, घटनास्थल से दो जिंदा गोलियां और दो खोखे भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी संतोष मंडल उर्फ गुड्डू मंडल, 40 वर्ष, पिता नरेश मंडल, गंगटा फसिया का रहनेवाला है। पुलिस के अनुसार, उसका पूर्व में भी आर्म्स एक्ट से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है।मामले में गोड्डा मुफस्सिल (मोतिया ओपी) कांड संख्या 180/26 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध हथियारों की बरामदगी को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश राउत आदि उपस्थित थे।




