बेतुल
बैतूल मुलताई में मूलनिवासी समाज जोड़ो परिवर्तन यात्रा का भव्य स्वागत
जातिगत जनगणना, एमएसपी कानून, ईवीएम पर रोक और जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा सहित उठाईं प्रमुख मांगें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुलताई। मूलनिवासी समाज जोड़ो परिवर्तन यात्रा का मुलताई तहसील में भव्य स्वागत किया गया। डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक (नागपुर नाका) पर बहुजन समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और यात्रा में शामिल प्रबुद्धजनों का आत्मीय अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी (मध्य प्रदेश) विनोद पी. डोंगरे ने अपने अध्यक्षीय प्रबोधन में केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए यात्रा के प्रमुख उद्देश्यों और मांगों को सामने रखा। उन्होंने पिछड़ा वर्ग की तत्काल जाति आधारित जनगणना कराने की मांग की। साथ ही निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए ईवीएम के स्थान पर पूर्व की तरह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की।
उन्होंने सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ‘स्कूल मर्जिंग’ नीति को तत्काल रद्द करने, किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने के लिए एमएसपी को कानूनी गारंटी देने तथा आदिवासियों को उनकी पैतृक भूमि से बेदखल करने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी रखी।
– अगले तीन दिनों तक जारी रहेगी यात्रा
संयोजकों ने बताया कि मूलनिवासी समाज जोड़ो परिवर्तन यात्रा आगामी तीन दिनों तक बैतूल जिले की विभिन्न तहसीलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जारी रहेगी। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा, भारत मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा तथा राष्ट्रीय आदिवासी एकता परिषद की जिला इकाई बैतूल ने आम जनता से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सामाजिक न्याय की इस मुहिम को मजबूत करने की अपील की है।



