मथुरा

महिला बैंककर्मी ने दर्ज कराई सपा नेता राजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव राजन रिजवी के खिलाफ महिला बैंककर्मी की तहरीर पर कोतवाली में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज हो गई है। पीड़िता एक महीने से थाने के चक्कर लगा रही थी। रिजवी पर बैंक ग्राहक बनकर बिना अनुमति निजी नंबर लेने, आपत्तिजनक संदेश भेजने, धमकी देने और पीछा एवं रेकी करने के आरोप हैं। प्राथमिकी के अनुसार, राजन रिजवी बैंक आकर महिला बैंककर्मी को लगातार देखता और उसके आसपास रहने का प्रयास करता था। उसने बिना उनकी जानकारी के निजी मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। महिला ने फोन उठाने और निजी संपर्क से इनकार किया तो उसे निजी सीडीआर निकलवाने की धमकी दी। आरोप है राजन ने मोबाइल पर आपत्तिजनक और अवांछित संदेश भेजे। कुछ संदेश बाद में हटे प्रतीत हुए, लेकिन उनके स्क्रीन शॉट सुरक्षित हैं। उन्होंने नंबर ब्लॉक कर दिया तो राजन रात में करीब 9:30 बजे महिला की कॉलोनी में घूमता मिला। उन्होंने आरोपी पर उनके निजी वाहन, घर, घरेलू सहयोगी, कुक, ड्राइवर की जानकारी जुटाने, बैंक के बाहर कई बार उनके वाहन की फोटो लेने का भी आरोप लगाया है। यह सीसीटीवी में भी दर्ज है। महिला ने राजन पर उनके पति के आवागमन, वाहन एवं अन्य व्यक्तिगत एवं सेवा संबंधी जानकारी जुटाने के साथ उनके आधार पर अन्य लोगों से पति की झूठी शिकायतें कराने की शिकायत की है। उन्होंने रिजवी के परिजनों या किसी एजेंसी द्वारा उनकी निगरानी या जानकारी जुटाने की भी संभावना की जांच कराने की मांग की है। महिला ने मोबाइल नंबर और निजी जानकारियों के स्रोत, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, स्क्रीनशॉट, सीसीटीवी फुटेज, सुरक्षाकर्मी और गवाहों की जांच में राजन रिजवी की संलिप्तता मिलने पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने निजी जानकारी के दुरुपयोग की आशंका जताई है। वहीं स्वयं और परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button