गिरिडीह

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्व. सुदिव्य कुमार सोनू को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Chief Minister Hemant Soren paid a heartfelt tribute to the late Sudivya Kumar Sonu.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
गिरिडीह। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित स्मृति-शेष पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचे। उन्होंने द्वादशकर्म कार्यक्रम में सम्मिलित होकर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोक-संतप्त परिजनों, उनकी पत्नी, पुत्र एवं पुत्री से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। मीडिया से बातचीत के क्रम में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बड़े भाई सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन की घटना से हम सभी अवगत हैं। आज विधिवत रीति-रिवाज के साथ द्वादशकर्म कार्यक्रम संपन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद है और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना कठिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री रहते हुए सुदिव्य कुमार सोनू की सक्रियता और उनका व्यक्तित्व किसी से छिपा नहीं था। समाज और राज्य को हमेशा ऐसे व्यक्तित्वों की आवश्यकता रहती है। उनमें हौसला, जुनून और समाज के लिए कुछ करने की भावना थी। उन्होंने लंबे समय तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को दिशा देने का कार्य किया। सोरेन ने कहा कि अभी भी मन यह मानने को तैयार नहीं है कि सुदिव्य कुमार सोनू हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विधि के विधान को न हम टाल सकते हैं और न ही कोई और। इस विधान के साथ हम सभी को आगे बढ़ना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दलगत भावना से ऊपर उठकर बड़ी संख्या में लोग उनके द्वादशकर्म में शामिल हुए हैं। सुदिव्य कुमार सोनू बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। वे सभी लोगों और सभी वर्गों की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहे तथा अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वे हमारे बीच नहीं रहते हुए भी एक मिसाल के रूप में कायम रहेंगे। उन्होंने सभी से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करने की अपील की और कहा कि दुःख की इस घड़ी में सरकार एवं समाज उनके समस्त परिजनों के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने द्वादशकर्म में शामिल होने पहुंचे आम लोगों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक कल्पना सोरेन ने भी दी श्रद्धांजलि विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्मृति-शेष स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से इस कठिन समय में परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। द्वादशकर्म कार्यक्रम में मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रीगण, राज्यसभा सांसदगण, विधायकगण, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी, गिरिडीह जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक तथा बड़ी संख्या में समर्थक एवं चाहने वाले लोग शामिल हुए और दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।!

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button