स्व. सुदिव्य कुमार सोनू की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी
Health Minister Dr. Irfan Ansari attended the tribute meeting for the late Sudivya Kumar Sonu.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पूर्व मंत्री एवं विधायक रहे सुदिव्य कुमार सोनू की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री ने श्रद्धांजलि सभा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। डॉ. इरफान अंसारी ने अपने संदेश में कहा कि आज भी उन्हें इस बात पर विश्वास नहीं हो रहा है कि जो सुदिव्य कुमार सोनू कल तक उनके बीच मौजूद थे, आज उनकी तस्वीर पर माला अर्पित कर श्रद्धांजलि देनी पड़ रही है। उन्होंने इसे अपने लिए बेहद पीड़ादायक और हृदय को झकझोर देने वाला क्षण बताया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ईश्वर की इच्छा और उनकी लीला को समझ पाना आसान नहीं है। सुदिव्य कुमार सोनू का अचानक इस दुनिया से चले जाना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने स्व. सोनू के सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनकी आत्मीयता और साथ हमेशा याद आएगा। डॉ. अंसारी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने अपने संदेश का समापन “भावभीनी श्रद्धांजलि। ॐ शांति।” के साथ किया।



