राज्य पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अमित कुमार शर्मा ने लखनऊ में लिया मनोदर्पण कार्यक्रम का प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। विद्यार्थियों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को लेकर संचालित मनोदर्पण कार्यक्रम के तहत हापुड़ के तीन मास्टर ट्रेनरों ने 15 एवं 16 सितंबर को लखनऊ स्थित बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण में राजकीय इंटर कॉलेज शेखपुर खिचरा के प्रवक्ता पुष्पेंद्र कुमार शुक्ला, राजकीय इंटर कॉलेज अनूपपुर डिबाई के सहायक अध्यापक (विज्ञान) एवं राज्य पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अमित कुमार शर्मा तथा सहायक अध्यापक आनंद कुमार त्रिपाठी शामिल रहे। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों की मानसिक एवं भावनात्मक आवश्यकताओं, तनाव की पहचान तथा विद्यालय स्तर पर सहयोग एवं मार्गदर्शन के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के समापन पर समग्र शिक्षा (माध्यमिक) विभाग, उत्तर प्रदेश के संयुक्त शिक्षा निदेशक श्री विवेक नौटियाल ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पूठिया के निर्देशानुसार तीनों मास्टर ट्रेनर अब जनपद के विद्यालयों में मनोदर्पण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करेंगे।



