बेतुल
बैतूल ताप्ती जल से पैर पखारकर वीर सैनिकों के माता-पिता का किया सम्मान
सेवा संकल्प अभियान में रातामाटी में भावुक आयोजन, माताओं की आंखों से छलके ममता और सम्मान के आंसू

सैनिक परिवारों का सम्मान कर रातामाटी ने जताया कृतज्ञता भाव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत रातामाटी के एकीकृत माध्यमिक शाला में वीर सैनिकों के माता-पिता एवं परिजनों के सम्मान में भावुक आयोजन हुआ। संकुल केंद्र प्रभुढाना के शिक्षकों एवं ताप्ती आनंद क्लब के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में सैनिक परिवारों के ताप्ती जल से पैर पखारकर आरती उतारी गई और शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से सम्मान किया गया। अपने वीर सपूतों की याद में माताओं की आंखें नम हो गईं, वहीं पूरा माहौल देशभक्ति और भावनाओं से भर उठा।
कार्यक्रम में भारतीय सेना में कार्यरत राजेंद्र गाडगे की माता शूला गाडगे, सैनिक केंद्र सिंह सिसोदिया के पिता कैलाश सिंह सिसोदिया एवं माता गुलबा बाई, सैनिक संतोष सिंह परमार के पिता सदन सिंह परमार एवं माता गंगोत्री बाई परमार, सैनिक राजेश गाडगे की पत्नी दीपिका गाडगे तथा सैनिक सुनील वरकड़े के भाई सुरेन्द्र वरकड़े का सम्मान किया गया। जनशिक्षक प्रीतमसिंह मरकाम एवं शिक्षक शैलेंद्र बिहारिया ने वीर सैनिकों और उनकी माताओं के सम्मान में कविताओं का वाचन किया।
जनशिक्षक नवनीत बारमासे एवं शिक्षक यदोरव नागले ने तू कितनी अच्छी है, तू कितनी भोली है, ओ मां…गीत प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित लोग भावुक हो उठे। सरपंच ललिता धुर्वे एवं उपसरपंच शिवराज सिंह परमार ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने बेटों को समर्पित करने वाले सैनिक परिवारों का सम्मान पूरे गांव के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम में हरिशंकर धुर्वे, जलदीप वर्मा, सीमा आर्य, नीता निम्भूलकर, सरिता जगदेव, सुनील पंडाग्रे, रानी खान, कमलेश गिरी, गुलाब गाडगे एवं संजय माथनकर सहित शिक्षक, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आभार सुनील पंडाग्रे ने माना।




