गाजियाबाद
दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर 23 करोड़ से अधिक के विकास कार्य
मनोज धामा ने मौके पर पहुंचकर परखी विकास कार्यों की गुणवत्ता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर नगरपालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए रविवार, 27 को लोनी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष मनोज धामा ने चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद कालोनी वासियों से बातचीत कर विकास कार्यों की जानकारी ली और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उन्हें अवगत कराने की अपील की।
मनोज धामा ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग के दोनों ओर लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के कार्य का जायजा लिया। उन्होंने नगरपालिका के संबंधित अधिकारियों को समय समय पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण करने के लिए भी कहा, ताकि विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हों।इस दौरान मनोज धामा ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर बॉर्डर बस डिपो से राशिद अली गेट तक दोनों ओर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से नालों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, लगभग 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से नालों को ढकने के लिए लोहे के जाल लगाने का कार्य भी नगरपालिका द्वारा कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर आवागमन सुगम होगा और लोगों को पैदल चलने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही, नालों के निर्माण और उन्हें ढकने की व्यवस्था से जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
मनोज धामा ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करनी चाहिए, जिससे सरकारी धन का सदुपयोग हो और आम जनता को विकास कार्यों का वास्तविक लाभ मिल सके।



