
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और शून्य मृत्यु के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से सिंगरौली जिले में 28 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक हेलमेट एवं सीटबेल्ट को लेकर 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देश पर होने वाले इस अभियान में यातायात नियमों का पालन कराने के साथ लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन और यातायात प्रभारी रोशनी केशरवानी के नेतृत्व में अभियान चलाया जाएगा। जिले के प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाकर प्रतिदिन सघन वाहन जांच की जाएगी।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट अनिवार्य रहेगा। चारपहिया वाहनों में चालक और यात्रियों द्वारा सीटबेल्ट का उपयोग नहीं करने पर भी कार्रवाई की जाएगी। कैमरे वाले स्थानों पर एएनपीआर के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हेलमेट और सीटबेल्ट नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को न्यूनतम तीन माह के लिए निलंबित करने की कार्रवाई के लिए संबंधित आरटीओ को प्रस्ताव भेजे जाएंगे। पुलिस लाइन, कलेक्ट्रेट सहित अन्य शासकीय कार्यालयों के प्रवेश द्वारों पर भी चेकिंग की जाएगी।
अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, औद्योगिक एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर, बैनर, होर्डिंग व पंपलेट के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा। एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस, स्वयंसेवी एवं सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाली सवारी अनिवार्य रूप से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में चालक और यात्रियों द्वारा सीटबेल्ट का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीटबेल्ट केवल चालान से बचने के साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय हैं।



