एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने वाली मीराबाई चानू का मोदीनगर में सम्मान
कोच विजय शर्मा भी सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मोदीनगर। एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाली भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू के सम्मान में बुधवार को मोदीनगर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मीराबाई चानू के साथ उनके कोच एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित विजय शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मीराबाई चानू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। क्षेत्रीय विधायक डॉ. मंजू शिवाच, नगर पालिका चेयरमैन विनोद वैशाली, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. पवन सिंघल, आईआईए मोदीनगर चेयरमैन राज ढींगरा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने मीराबाई चानू का स्वागत किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
समारोह में मीराबाई चानू की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है। वहीं, उनकी सफलता में कोच विजय शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया गया। विजय शर्मा के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की भी सराहना की गई।
इस दौरान मीराबाई चानू और विजय शर्मा ने उपस्थित लोगों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक होने तथा मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।
सम्मान समारोह में खेल प्रेमियों, स्थानीय लोगों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम मोदीनगर में एसआरएम यूनिवर्सिटी के निकट स्थित वेटलिफ्टिंग वॉरियर्स जिम में आयोजित किया गया।


