गहमागहमी के बीच पीएम श्री अपग्रेड प्लस टू हाई स्कूल बेलडांगा में एसएमसी अध्यक्ष का चुनाव सम्पन्न, मोसारफ हुसैन ने मारी बाजी
Amidst a lively atmosphere, the election for the SMC President at PM SHRI Upgrade Plus-Two High School, Beldanga, concluded with Mosaraf Hussain emerging victorious.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पीएम श्री अपग्रेड प्लस टू हाई स्कूल, बेलडांगा में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष पद के लिए चयन प्रक्रिया गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान विद्यालय परिसर में काफी गहमागहमी रही, लेकिन प्रशासन की तत्परता और छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के धैर्य के कारण पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सकी। अध्यक्ष पद के लिए मोसारफ हुसैन, खैरुल शेख और अलिउल हसनात उर्फ डब्ल्यू शेख ने नामांकन दाखिल किया था। मतदान प्रक्रिया शाम करीब शाम सात बजे समाप्त हुई, जिसके बाद मतगणना शुरू की गई। मतगणना के दौरान कुल 905 मतपत्र प्राप्त हुए। इनमें मोसारफ हुसैन को 464 मत, खैरुल शेख को 428 मत और अलिउल हसनात उर्फ डब्ल्यू शेख को 12 मत मिले। जबकि एक मतपत्र निरस्त किया गया। इस प्रकार मोसारफ हुसैन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी खैरुल शेख को 36 मतों से पीछे छोड़ते हुए अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। चुनाव के दौरान विद्यालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा बलों की ओर से मतदान केंद्र और आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखी और शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने में सहयोग किया। परिणाम घोषित होने के बाद मोसारफ हुसैन के समर्थकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखा गया। अभिभावकों ने उन्हें अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी।



