बोकारो

पेंक पंचायत में नीचे लटका मेन तार, हादसे का खतरा

जर्जर पोल और बांस-लकड़ी के सहारे बिजली तार, ग्रामीणों में भय; जिला परिषद सदस्य ने विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। नावाडीह प्रखण्ड क्षेत्र ऊपरघाट स्थित पेंक पंचायत के टोला भथीयाटांड में बिजली व्यवस्था की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। सड़क किनारे बिजली का मेन तार काफी नीचे लटक रहा है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। इसी रास्ते से दिन-रात लोगों का आवागमन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में जमीन और आसपास का क्षेत्र गीला रहने के कारण ऐसी स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो सकती है। ग्रामीणों के अनुसार, पेंक पंचायत में बिजली व्यवस्था की समस्या केवल भथीयाटांड तक सीमित नहीं है। पंचायत के कई स्थानों पर बिजली के पोल जर्जर स्थिति में हैं। वहीं, कई जगहों पर लकड़ी और बांस के सहारे बिजली के तारों को लटकाकर आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।

जिला परिषद सदस्य ने जताई चिंता

ऊपरघाट की जिला परिषद सदस्य कुमारी खुशबू महतो ने क्षेत्र में लगातार बारिश, बिजली कटौती, जर्जर पोल और नीचे लटकते बिजली तारों की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों से भथीयाटांड में नीचे लटके मेन तार को तत्काल ऊंचा कराने, जर्जर पोलों को बदलने तथा बांस-लकड़ी के सहारे लटकाए गए तारों को सुरक्षित एवं स्थायी व्यवस्था में लगाने की मांग की। साथ ही बारिश के मौसम को देखते हुए क्षेत्र के बिजली पोल और तारों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने की बात कही। जिला परिषद सदस्य ने बिजली आपूर्ति में सुधार के साथ-साथ क्षेत्र की जर्जर सड़कों और जलजमाव की समस्या के समाधान की भी मांग की। उन्होंने कहा कि विभाग को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button