बरेली
आंवला में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सुना जनता का दुख-दर्द, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि, पेंशन, आवास की शिकायतें आईं; DM बोले- शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता, 6 पात्रों को मिले अंत्योदय राशन कार्ड

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में तहसील आंवला सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।
डीएम ने भूमि, चकबंदी, पूर्ति, आवास, राजस्व, पेंशन, सड़क सहित विभिन्न विभागों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कार्यदिवस में प्रातः 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई करें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ग्राम भूड़ा निवासी ने भूमि पर अवैध कब्जे, ग्राम घेर करम खां की महिला ने विधवा पेंशन न आने और ग्राम सेंधा निवासी ने अरिल नदी के जलभराव से मकान गिरने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने एसडीएम, तहसीलदार और जिला प्रोबेशन अधिकारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, बच्चों का अन्नप्राशन और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी व आशाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद डीएम ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना और दैवीय आपदा पीड़ितों को सहायता राशि के चेक तथा 6 पात्रों को अंत्योदय राशन कार्ड वितरित किए।
मौके पर एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, डीडीओ दिनेश कुमार, एसडीएम आंवला सुशील मिश्रा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



