गाजियाबाद

कोर्ट के आदेश पर प्लॉट हड़पने और बंदूक दिखाकर धमकाने का मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से यूपीएसआईडीसी के आवासीय प्लॉट पर कब्जा करने और 70 वर्षीय खरीदार को कथित तौर पर बंदूक दिखाकर धमकाने के मामले में न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस से शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसे न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। कोर्ट के निर्देश पर 2 अक्टूबर की देर रात मुकदमा पंजीकृत किया गया।
शिकायत के अनुसार, जून 2004 में प्रॉपर्टी डीलर हरीश त्यागी के माध्यम से यशपाल कामरा ने रमेश चंद के नाम आवंटित प्लॉट संख्या एफ-0-30 का सौदा करीब नौ लाख रुपये में तय किया था। यशपाल का कहना है कि सौदे की रकम नकद देने के बाद प्लॉट के ट्रांसफर की अनुमति समेत अन्य औपचारिकताओं के लिए आरोपियों ने उन्हें एक कथित परियोजना अधिकारी से मिलवाया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने उनके मूल दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।
पीड़ित के मुताबिक, वर्ष 2013 में आरोपियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि प्लॉट उनके नाम दर्ज हो चुका है। कई वर्षों तक उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली।
प्लॉट बेचने के प्रयास में सामने आया मामला
वर्ष 2026 में जब यशपाल कामरा ने प्लॉट को वीणा कोहली को बेचने का प्रयास किया और इस संबंध में यूपीएसआईडीसी को पत्र लिखा, तब उन्हें कथित अनियमितता की जानकारी हुई। शिकायतकर्ता के अनुसार, विभागीय रिकॉर्ड में प्लॉट अब भी रमेश चंद के नाम दर्ज था। आरोप है कि 10 जून 2026 को प्लॉट का पट्टा विलेख भी रमेश चंद के पक्ष में जारी करा लिया गया।
यशपाल का आरोप है कि जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो 6 जुलाई को उनके साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद 10 अगस्त 2026 को कुछ लोगों ने कथित तौर पर बंदूक दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
कोर्ट के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। न्यायालय के आदेश के बाद थाना ट्रोनिका सिटी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी योगेंद्र पंवार के अनुसार, मामले की जांच उपनिरीक्षक अमन कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button