खैरथल

किशनगढ़ बास में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई

45 किलो मिर्च पाउडर के पाउच जब्त, करीब 15 किलो अवधि पार मसाले मौके पर नष्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को किशनगढ़ बास कस्बे में कार्रवाई की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के दिशा-निर्देशों में विभाग की टीम ने कस्बे के पांच प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लिए।
नोडल अधिकारी खाद्य सुरक्षा विभाग हेमंत कुमार यादव ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लक्ष्मी मिष्ठान भंडार से कलाकंद, अग्रवाल मिष्ठान भंडार से बर्फी, गुप्ता स्वीट्स एंड नमकीन से बर्फी तथा मित्तल मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य सुरक्षा परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर अलवर रोड स्थित दिलीप किराना स्टोर पर भी कार्रवाई की गई। यहां से ‘सखी मसाले’ के मिर्च पाउडर का नमूना लेते हुए करीब 45 किलो मिर्च पाउडर के पाउच जब्त किए गए। वहीं, दुकान पर पाए गए करीब 15 किलो अवधि पार मसालों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं पाया गया। इस पर विभाग द्वारा इंप्रूवमेंट नोटिस जारी करते हुए आवश्यक दस्तावेज एवं औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीषा शर्मा एवं बबीता सहित विभागीय कार्मिक मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button