सिंगरौली
जिला स्तरीय मुस्लिम एकता सम्मेलन आज, भोपाल विधायक आरिफ मसूद होंगे मुख्य अतिथि
शिक्षा, सामाजिक कुरीतियों और कौशल विकास पर होगा मंथन, होटल राजकमल में पत्रकार वार्ता भी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। मुस्लिम समाज में एकता को मजबूत करने और सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से शनिवार, 10 अक्टूबर को जिला स्तरीय मुस्लिम एकता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बैढ़न के बिलौंजी स्थित अटल सामुदायिक भवन में आयोजित होगा। कार्यक्रम में भोपाल मध्य के विधायक एवं ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य आरिफ मसूद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सदर जामा मस्जिद बैढ़न के मोहम्मद शाहनवाज खान ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में सिंगरौली जिले के अलावा चितरंगी, सरई, देवसर, बैढ़न और आसपास के क्षेत्रों से मुस्लिम समाज के युवाओं एवं बुजुर्गों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।सम्मेलन में समाज को एकजुट करने, सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और युवाओं के तकनीकी कौशल विकास जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही समाज के हितों और विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श कर भविष्य की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के संबंध में होटल राजकमल में विधायक आरिफ मसूद और जामा मस्जिद के सदर के नेतृत्व में पत्रकार वार्ता भी आयोजित की गई है। आयोजकों ने समाज के लोगों से सम्मेलन में शामिल होकर विचार-विमर्श में भागीदारी करने की अपील की है।



