सिंगरौली

सेवा संकल्प अभियान के तहत मुक्तिधाम गनियारी में वृहद पौधारोपण

राज्यमंत्री राधा सिंह, विधायक रामनिवास शाह और राजेन्द्र मेश्राम सहित जनप्रतिनिधियों ने लगाए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 41 स्थित मुक्तिधाम गनियारी के हरित क्षेत्र में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सेवा मेरा अभियान’ गतिविधि के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की राज्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग राधा सिंह, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, पूर्व विधायक सुभाष वर्मा और नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में जनकल्याण, विकास और राष्ट्रसेवा से जुड़े अनेक कार्य हुए हैं। पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विधायक रामनिवास शाह ने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाला अभियान बताया। उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने और पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
वहीं, विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। हरित क्षेत्र का विस्तार और पौधों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर वित्त अनुपम दुबे, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री आलोक टीरू, दिनेश तिवारी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button