खैरथल
जिला निर्वाचन अधिकारी ने टपूकड़ा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
विद्यालय में विद्यार्थियों से किया संवाद, शैक्षणिक स्तर का लिया जायजा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। पंचायती राज चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने शुक्रवार को पंचायत समिति टपूकड़ा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने भिवाड़ी क्षेत्र के थड़ा एवं बनवीरपुर स्थित राजकीय विद्यालयों में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्रों की स्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने मतदान कक्षों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त लाइट लगवाने तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, विद्युत, रैंप एवं शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मतदान कार्मिकों एवं मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ पढ़ाया तथा गणित से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के कार्मिकों से शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालय संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उपखंड अधिकारी टपूकड़ा कृष्ण यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं मतदान दलों के कार्मिक उपस्थित रहे।
