सिंगरौली

तियरा जन विश्वास शिविर में पहुंचीं राज्यमंत्री राधा सिंह, सुनीं आमजन की समस्याएं

6 हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए 24.84 लाख रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृत, अधिकारियों को समय-सीमा में आवेदनों के निराकरण के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को तियरा में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। इसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री राधा सिंह ने पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविर में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, कलेक्टर गौरव बैनल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, पूर्व विधायक सुभाष वर्मा और जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं। विधायक रामनिवास शाह ने अधिकारियों से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराने की बात कही।
शिविर में आयुष्मान भारत योजना के तहत पंकज कुमार वैश्य को आयुष्मान कार्ड दिया गया। मछुआ किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत तियरा की आदिवासी मछुआ सहकारी समिति को 3 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा एवं वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ दिया गया तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत अंशिका शाह को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 6 हितग्राहियों को मोबाइल शॉप, किराना स्टोर, मोबाइल रिपेयरिंग और गारमेंट शॉप शुरू करने के लिए कुल 22.84 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए। इनमें दीपक कुमार शाह को 5 लाख, अरविंद कुमार शाह को 4.84 लाख, शिवकुमार बंसल और पुष्पा देवी बंसल को 2-2 लाख, अकेश कुमार नाई को 2 लाख तथा विजय कुमार वैश्य को 7 लाख रुपये का ऋण शामिल है।
इस दौरान एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, एसडीएम माड़ा नंदन तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button