सिंगरौली

दीपावली पर अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सीआईएसएफ ने चलाया जागरूकता अभियान

संजीवनी चिकित्सालय के 10 डॉक्टरों और 47 नर्सिंग स्टाफ को अग्नि सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण, अग्निशमन उपकरणों का किया गया प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। दीपावली के त्योहार के दौरान आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ यूनिट एनटीपीसी शक्तिनगर के फायर विंग द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को संजीवनी चिकित्सालय, विद्युत विहार कॉलोनी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चिकित्सालय के 10 डॉक्टरों एवं 47 नर्सिंग स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन सीआईएसएफ कमांडेंट विवेक आर्या के दिशा-निर्देशन में सहायक कमांडेंट एवं अग्नि अधिकारी तरुण दत्ता, कंपनी कमांडर एवं अग्नि अधिकारी अजीत आनंद तथा उनकी टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को आग लगने के प्रमुख कारणों, आग बुझाने के आधुनिक उपकरणों, विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों और उनके सही उपयोग की जानकारी दी गई।
सीआईएसएफ की फायर विंग ने प्रायोगिक प्रदर्शन के माध्यम से बताया कि आग लगने की स्थिति में किस प्रकार अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल किया जाए और आपातकाल के दौरान सुरक्षित निकास के लिए किन सावधानियों का पालन किया जाना चाहिए। साथ ही, दीपावली पर पटाखे जलाते समय सतर्कता बरतने और आगजनी की संभावनाओं को कम करने के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
संजीवनी चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ ने सीआईएसएफ फायर विंग द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना की। उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से कर्मचारियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति समझ बढ़ती है और आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य करने में मदद मिलती है।कार्यक्रम का उद्देश्य दीपावली सहित आगामी त्योहारों के दौरान आग से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना तथा सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए लोगों को जागरूक करना रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button