खैरथल

जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में चुनाव प्रकोष्ठ के अधिकारियों की बैठक आयोजित

सभी मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर उपलब्ध कराने तथा सभी पंचायत समितियों में एक ग्रीन बूथ बनाने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में पंचायत राज आम चुनाव, 2026 की तैयारियों को लेकर चुनाव प्रकोष्ठ के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को अपने-अपने दायित्वों की स्पष्ट रूप से समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, कार्मिकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, मतदान सामग्री, ईवीएम/मतदान प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं, कानून-व्यवस्था, परिवहन, संचार व्यवस्था, मतदाता जागरूकता तथा निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के संधारण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्य में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए।
जिला कलेक्टर ने स्ट्रॉन्ग रूम में प्रवेश के लिए सभी कार्मिकों को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) के माध्यम से ही प्रवेश देने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव कार्य, स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना में नियुक्त सभी कार्मिकों के आईडी कार्ड बनवाने तथा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध करवाने तथा सभी पंचायत समितियों में एक-एक ग्रीन बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही चुनाव संबंधी शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिला कलेक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को स्ट्रॉन्ग रूम तैयार करवाने तथा जिला परिवहन अधिकारी (DTO) को चुनाव कार्य के लिए आवश्यक वाहनों का अधिग्रहण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त चुनाव के दौरान आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ चुनाव संबंधी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा निर्वाचन कार्य को सुचारू, व्यवस्थित एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button