
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। नवरात्रि और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हापुड़ पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी कविता मीणा और पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ हापुड़ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने मंदिरों का निरीक्षण किया और मंदिर कमेटियों के सदस्यों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को त्योहारों के दौरान सतर्कता बरतने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।त्योहारों के दौरान महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस निगरानी बढ़ाई गई है। महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रशासन का उद्देश्य नवरात्रि और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हापुड़ पुलिस की अपील: त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



