खैरथल
नवरात्र के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने किया कन्या पूजन
मां दुर्गा के 9 स्वरूपों की आराधना हुई, घरों में पैर धोकर तिलक लगाया-भोजन कराया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन सोमवार को घरों और मंदिरों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ कन्या पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने नौ कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनका पूजन किया और भोजन कराकर आशीर्वाद लिया।
इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, शांति, आरोग्य और खुशहाली की कामना की गई। कन्या पूजन को लेकर सुबह से ही घरों में उत्साह और भक्तिमय माहौल रहा।
पैर धोकर तिलक लगाया, फिर कराया भोजन
कन्या पूजन के लिए श्रद्धालुओं ने सुबह से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। लोगों ने अपने घरों में कन्याओं को आमंत्रित किया। परंपरा के अनुसार, उनके पैर धोए और माथे पर तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की।
इसके बाद कन्याओं को पूरी, हलवा, चना सहित विभिन्न प्रकार के सात्विक व्यंजन परोसे गए। भोजन कराने के बाद श्रद्धालुओं ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दक्षिणा और उपहार भेंट किए। साथ ही कन्याओं के चरण स्पर्श कर परिवार की सुख-शांति और मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद लिया।
माता रानी के मंदिरों मे हवन,पूजन और आम भण्डारे
खैरथल के पहाडी़ माता मंदिर, प्रेम प्रकाश आश्रम, और हिंगलाज माता मंदिर में आज सुबह हवन उसके बाद कन्या भोज और फिर आम भंडारा किया गया जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी लेकर माता रानी का आर्शीवाद लिया शहर में आज वातावरण भक्तिमय रहा हर ओर माता रानी की आरती और भजन-कीर्तन की गूंज रही

