सांसद-विधायक के आवास पर पुलिस रही तैनात
पिंकी चौधरी के कैराना आने के ऐलान के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

विधायक के ‘घर का घेर’ बनाने वाले बयान के बाद जारी किया था वीडियो
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। विधायक नाहिद हसन के ‘घर का घेर’ बनाने संबंधी बयान को लेकर हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी के कैराना आने और हिन्दू एकता पदयात्रा के ऐलान के बाद मंगलवार को पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा। दिनभर सांसद इकरा हसन और विधायक नाहिद हसन के पुराना बाईपास स्थित आवास पर एहतियातन पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि, शाम तक हिन्दू रक्षा दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता नहीं पहुंच पाए।
कैराना क्षेत्र के गांव मन्नामाजरा निवासी फैक्ट्री संचालक अरबीन चौहान की गंगोह थाना क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। घटना के विरोध में इंसाफ की मांग को लेकर विधायक नाहिद हसन गंगोह थाने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ‘घर का घेर’ बनाने की बात कही थी। इसी प्रकरण को लेकर हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में पिंकी चौधरी ने तीन नवंबर को शामली आने और शामली से कैराना तक हिन्दू एकता पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि हिन्दू रक्षा दल का उद्देश्य हिन्दुओं को एकजुट करना है। साथ ही कुछ लोगों पर समाज को बांटने और उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने का आरोप लगाया था। उन्होंने विधायक नाहिद हसन के ‘घर का घेर’ बनाने संबंधी बयान का जिक्र किया था। सांसद को लेकर भी टिप्पणी की थी। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया था कि समाज को बांटने और बदतमीजी करने वालों को जवाब देने के लिए वह कैराना पहुंचेंगे। वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया। सुबह से ही पुराना बाईपास स्थित सांसद इकरा हसन और विधायक नाहिद हसन के आवास पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। दिनभर सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस तैनात रही और आने-जाने वाले लोगों की हर गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। शाम तक भी पिंकी चौधरी या उनके समर्थक कैराना नहीं पहुंच पाए।
