ललितपुर

 विकास कार्यों में ढिलाई पर अफसरों की तय होगी जिम्मेदारी : सांसद

दिशा की बैठक में बिजली-पानी, क्षतिग्रस्त सड़कों और पोस्टमार्टम में अवैध वसूली का मुद्दा उठा

किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली-पानी देने के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सांसद अनुराग शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। इसमें विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि परियोजनाओं में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। समयबद्ध कार्य पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सांसद ने बिजली अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर किसानों की मांग के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नहरों की टेल तक पानी पहुंचाने और किसानों से नियमित फीडबैक लेने को कहा। जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश जल निगम के अभियंताओं को दिए गए। सांसद ने कहा कि वास्तविक किसानों को निजी उपयोग के लिए खेतों से मिट्टी ले जाने पर परेशान न किया जाए, जबकि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्ती हो। पोस्टमार्टम में अवैध वसूली की शिकायत पर सीएमओ को चिकित्सकों का रोस्टर तैयार कर ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। सांसद ने दिव्यांगजन योजनाओं के लिए विकासखंडवार शिविर लगाने, आयुष्मान भारत, जीरो पॉवर्टी अभियान, खाद-बीज उपलब्धता, फसल बीमा, आवास और राशन वितरण की समीक्षा कर पात्रों को लाभ दिलाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जनशिकायतों का शिकायतकर्ता की मौजूदगी में निस्तारण कराने तथा योजनाओं के पात्र-अपात्र लाभार्थियों की सूची जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, एमएलसी रमा निरंजन, नपाध्यक्ष सोनाली जैन, एसपी संजीव कुमार बाजपेई, सीडीओ शेषनाथ चौहान सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button