ललितपुर
सुमेरा तालाब पर श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया भव्य गंगा उत्सव
दीपदान, गंगा आरती और भजन संध्या से भक्तिमय हुआ वातावरण

श्रद्धालुओं ने लिया नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता का संकल्प
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पतित पावनी मां गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने की वर्षगांठ के अवसर पर जिला गंगा समिति के तत्वावधान में सुमेरा तालाब परिसर में भव्य गंगा उत्सव का आयोजन किया गया। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में दीपदान, गंगा पूजन, भव्य आरती, गंगा कथा एवं भजन संध्या के माध्यम से मां गंगा की महिमा का गुणगान किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नदियों के संरक्षण, जल स्रोतों की स्वच्छता और जल संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान के साथ गंगा पूजन, दीपदान एवं भव्य आरती से हुआ। इस अवसर पर बटुकों ने श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर एवं कलावा बांधकर स्वागत किया। दीपों की रोशनी से सुमेरा तालाब परिसर जगमगा उठा और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आराधना की। इसके पश्चात कथावाचक पं. जगदीश पाठक ने गंगा कथा के माध्यम से मां गंगा की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने भारतीय संस्कृति में नदियों के आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए जल संरक्षण की आवश्यकता बताई। उन्होंने नदियों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भजन संध्या में सुरेंद्र झां एवं शिवानी झां ने भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति गीतों में भावविभोर नजर आए और मां गंगा की आराधना में लीन रहे। गंगा उत्सव के माध्यम से आमजन को नदियों एवं जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से नदियों में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक एवं प्रदूषित सामग्री प्रवाहित न करने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की गई। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नदियों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, उप प्रभागीय वनाधिकारी सतेन्द्र तोमर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश विश्वकर्मा, रुचिका बुंदेला, मनविंदर कौर, अजय जैन, अजय श्रीवास्तव, लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा, कृष्ण बिहारी मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में जिला गंगा समिति के परियोजना अधिकारी केतन दुबे ने उपस्थित अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



