अमरोहा
कालाखेड़ा चीनी मिल में पेराई शुरू, इस सत्र 36 लाख कुंतल गन्ना पेरने का लक्ष्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर : किसान सहकारी चीनी मिल कालाखेड़ा में शुक्रवार को नए पेराई सत्र 2026-27 की विधिवत शुरुआत हुई। हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी व एडीएम न्यायिक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने हवन-यज्ञ में आहुति देकर और चैन में गन्ना डालकर मिल का शुभारंभ किया। इस दौरान तौल कांटों पर नारियल भी फोड़ा गया।
समारोह में परंपरागत रूप से बैलगाड़ी से गन्ना लेकर पहुंचे शेखुपुर झकड़ी के किसान छत्रपाल सिंह और ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लाए भीकनपुर शर्की के किसान महिपाल सिंह को सम्मानित किया गया। देवेंद्र खड़गवंशी और भाकियू नेता व सभापति काले सिंह ने दोनों किसानों को शॉल ओढ़ाकर व माला पहनाकर स्वागत किया। विधायक ने मिल प्रबंधन से कहा कि गन्ना तौल से लेकर भुगतान तक हर काम पारदर्शी व समय पर हो। मिल पूरी क्षमता से चलनी चाहिए, जिससे किसानों को तौल के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।
प्रधान प्रबंधक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस बार 36 लाख कुंतल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पुरानी मशीनरी व उपकरणों की मरम्मत कर मिल को तैयार किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य गन्ना अधिकारी आकाश तिवारी, मुख्य लेखाकार पविंदर कुमार, मुख्य अभियंता वैभव सिंह, मुख्य रसायनविद् पराग रस्तोगी, अभिनव कौशिक, ब्लॉक प्रमुख ममता गुर्जर, राजू राणा, संजय शर्मा, भाकियू शंकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह, समरपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान व किसान नेता मौजूद रहे।




