गोड्डा

जिला प्रशासन की पहल पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन की पहल पर शुभदा बैंक्विट हॉल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, युवाओं एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद विस्पुते श्री कांत यशवंत ने स्वयं स्वैच्छिक रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने स्वयं रक्तदान कर समाज के अन्य लोगों, विशेषकर युवाओं एवं स्वस्थ नागरिकों को भी इस मानवीय कार्य के लिए आगे आने का प्रेरणादायक संदेश दिया। उप विकास आयुक्त ने अपने इस कार्य के माध्यम से यह संदेश दिया कि रक्तदान केवल एक औपचारिक गतिविधि नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। समाज के प्रत्येक सक्षम एवं स्वस्थ व्यक्ति को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। शिविर में जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता से शिविर में सकारात्मक वातावरण बना रहा। सभी ने रक्तदान को मानव सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताते हुए समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर उपविकास आयुक्त ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत एवं मानवीय कार्य है, जिसके माध्यम से किसी गंभीर रूप से बीमार या जरूरतमंद मरीज को नया जीवन मिल सकता है। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों, गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों, गर्भवती महिलाओं एवं प्रसव के दौरान उत्पन्न होने वाली आपातकालीन परिस्थितियों तथा विभिन्न प्रकार की शल्य चिकित्सा में समय पर रक्त की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक होती है।
रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। ऐसे में अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में जरूरत के समय पर्याप्त रक्त की उपलब्धता बनाए रखने के लिए स्वैच्छिक रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। एक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज और उसके परिवार के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करने से रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलती है। साथ ही, इससे रक्त की आवश्यकता पड़ने पर मरीजों एवं उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता है। इसलिए रक्तदान के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना तथा इसे जनभागीदारी से जोड़ना समय की आवश्यकता है। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज,सिविल सर्जन डॉ. एस.सी. शर्मा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अशोक कुमार मेहता, शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर कुमार, टेक्नीशियन मिलन नाग, यूसीएफ प्रहलाद कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button