नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के भारसी मोड़ स्थित एक होटल पर खाना खाने की तैयारी कर रहे दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी को लेकर मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के तीन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर बागपत निवासी दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बागपत के गांव लूम तुगाना निवासी अक्षय पुत्र विनोद और राहुल उर्फ रूपक भारसी मोड़ स्थित होटल पर खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि तीन लोगों ने दोनों युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि घायलों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।