राजनीति के मैदान के साथ अभिनय में भी प्रदीप यादव का जलवा
काली पूजा में 'फकीर' बनकर बटोरी तालियां

पैतृक गांव बोहरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दिखाया अभिनय का हुनर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पोड़ैयाहाट। विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह झारखंड कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव राजनीति के साथ-साथ खेल, अभिनय और संगीत में भी गहरी रुचि रखते हैं। इसका नजारा उनके पैतृक गांव बोहरा में आयोजित काली पूजा के सांस्कृतिक कार्यक्रम में देखने को मिला। यहां उन्होंने ‘फकीर’ का रूप धारण कर अपने अभिनय से दर्शकों का मनोरंजन किया और खूब तालियां बटोरीं। पोड़ैयाहाट प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव बोहरा में प्रदीप यादव प्रत्येक वर्ष काली पूजा के अवसर पर अपनी अगुवाई में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराते आ रहे हैं। इसी परंपरा के तहत सर्वोदय हाट बोहरा स्थित स्टेडियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच पर फकीर की भूमिका निभाई। इस दौरान ‘औलाद वालो, फूलो फलो…’ गीत पर फकीर के रूप में उनके अभिनय ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उनके अंदाज और अभिनय को देखकर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और उनकी सराहना की। गौरतलब है कि प्रदीप यादव की रुचि केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। क्रिकेट और फुटबॉल उनके पसंदीदा खेल हैं। मौका मिलने पर वे मैदान में भी उतरते हैं। इसके अलावा उन्हें नाटक, गायन, तबला वादन और हारमोनियम बजाने में भी रुचि है। काली पूजा के इस आयोजन में उनका सांस्कृतिक अंदाज एक बार फिर देखने को मिला।


