गोड्डा
छठ घाटों के निरीक्षण में उतरे बीडीओ-सीओ नितेश कुमार गौतम व थाना प्रभारी कृष्णा कुमार साहा
सुरक्षा के लिए गोताखोरों की व्यवस्था पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी नितेश कुमार गौतम एवं थाना प्रभारी कृष्णा कुमार साहा ने संयुक्त रूप से विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सपिन नदी, सुंदर नदी, लखनपहाड़ी तालाब एवं चिहारी पीठ स्थित ऐतिहासिक बाबाजी पोखर का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं पानी की गहराई का बारीकी से अवलोकन किया। खासकर नदी एवं तालाबों में पानी की गहराई को देखते हुए नितेश कुमार गौतम ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यकता के अनुसार गोताखोरों की व्यवस्था मुहैया कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित कमेटी के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा। अधिकारियों ने छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरतने तथा घाटों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में छठ पूजा संपन्न कर सकें। दौरान पलामू जिले के उटारी प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रवण कुमार भगत उपस्थित थे।


