नींव संगठन की, पेंटहाउस बिल्डर का! भाजपा टिकट की दौड़ में बिल्डर साहब की एंट्री
होर्डिंग्स में खुद का कद बड़ा, पार्टी नेतृत्व को कोने में जगह; जनता से दूरी और नेताओं के दरबार में हाजिरी की चर्चा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। आलीशान इमारतें और टाउनशिप खड़ी करने वाले एक चर्चित बिल्डर साहब की नजर अब लोनी विधानसभा की सियासी जमीन पर है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही भाजपा टिकट के दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी बीच बिल्डर महोदय ने भी अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा का ऐसा प्रोजेक्ट लॉन्च किया है, जिसकी चर्चा क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में अब खूब हो रही है।चर्चा है कि साहब ने चुनावी दावेदारी को किसी बड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट की तरह क्षेत्र में प्रचारित करना शुरू कर दिया है। शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और बिजली के खंभों पर उनके बड़े-बड़े होर्डिंग्स आजकल नजर आने लगे हैं। पोस्टरों को देखकर ऐसा लगता है, मानो किसी नई टाउनशिप में प्लॉटों की बुकिंग शुरू हो गई हो। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां प्लॉट नहीं, विधानसभा टिकट पाने की तैयारी दिखाई दे रही है।होर्डिंग्स में सबसे दिलचस्प नजारा यह है कि दावेदार महोदय की तस्वीर बड़े आकार में दिखाई देती है, जबकि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अपेक्षाकृत छोटी जगह मिली है। अब इसे प्रचार की नई रणनीति कहें या राजनीतिक आत्मविश्वास, लेकिन स्थानीय स्तर पर इस पर खूब चुटकियां ली जा रही हैं।
जनता से दूरी, दरबारों की परिक्रमा!
स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, बिल्डर साहब इन दिनों क्षेत्र की गलियों में पसीना बहाने से ज्यादा प्रदेश मुख्यालय और दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में खूब सक्रिय नजर आ रहे हैं। पुराने कार्यकर्ताओं के बीच बैठने और आम लोगों की समस्याएं सुनने के बजाय बड़े नेताओं से मुलाकातों को प्राथमिकता दिए जाने की चर्चा है।शायद साहब को भरोसा है कि जिस तरह रसूख और संपर्कों के सहारे बड़े-बड़े प्रोजेक्ट आगे बढ़ते हैं, उसी तरह राजनीतिक संपर्कों से टिकट का रास्ता भी आसान हो जाएगा। हालांकि राजनीति कोई रियल एस्टेट प्रोजेक्ट नहीं, जहां नक्शा पास होते ही इमारत तैयार हो जाए।
बीस साल की मेहनत या अचानक पैराशूट लैंडिंग!
बिल्डर साहब की अचानक बढ़ी सक्रियता से भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं के बीच भी चर्चाएं तेज हैं। वर्षों से संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को चिंता है कि कहीं चुनावी मौसम में सामने आए नए चेहरे उनकी लंबी राजनीतिक मेहनत पर भारी न पड़ जाएं।एक पुराने कार्यकर्ता ने नाम न छापने की शर्त पर तंज कसते हुए कहा, “हम तो बीस साल से संगठन की नींव मजबूत करने और चुनावों में दरी बिछाने से लेकर बूथ संभालने तक का काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग बिना नींव रखे सीधे पेंटहाउस बनाने की तैयारी में हैं।”
नेताजी का मोबाइल भी वीआईपी!
बिल्डर साहब की कार्यशैली को लेकर एक और दिलचस्प चर्चा है। बताया जाता है कि मुलाकात का समय मिलने के बाद भी जब कोई उनसे मिलने पहुंचता है तो कभी साहब मीटिंग में होते हैं, कभी क्षेत्र के दौरे पर और कभी उनके आने का कोई निश्चित समय नहीं होता।फोन मिलाने पर भी कई बार जवाब नहीं मिलता। ऐसे में लोगों के बीच मजाक चल रहा है कि नेताजी का मोबाइल शायद किसी वीआईपी नेटवर्क से जुड़ा है, जहां आम आदमी की कॉल पहुंचने से पहले ही व्यस्तता का बोर्ड लग जाता है।राजनीतिक चर्चाओं में सवाल उठ रहा है कि जब चुनाव से पहले ही जनता को मुलाकात के लिए इंतजार करना पड़ रहा है तो चुनाव के बाद आम आदमी की सुनवाई कैसे होगी? आखिर राजनीति में जनता केवल होर्डिंग देखने के लिए नहीं, बल्कि अपनी समस्याओं का समाधान पाने के लिए भी प्रतिनिधि चुनती है।
टिकट का पजेशन लेटर किसे मिलेगा?
लोनी विधानसभा में भाजपा टिकट को लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प होने की संभावना है। एक तरफ वर्षों से संगठन में सक्रिय कार्यकर्ता और स्थानीय दावेदार हैं, तो दूसरी तरफ नए चेहरे भी अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि टिकट की दौड़ में केवल धनबल, बड़े होर्डिंग्स और नेताओं के साथ तस्वीरें ही पर्याप्त नहीं होतीं। संगठन में पकड़, जनता के बीच स्वीकार्यता और चुनावी समीकरण भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।अब देखना यह है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व बिल्डर साहब के इस राजनीतिक प्रोजेक्ट को हरी झंडी देता है या फिर उनकी महत्वाकांक्षा का नक्शा फाइलों में ही अटका रह जाता है।क्योंकि राजनीति में होर्डिंग्स से चेहरा बड़ा जरूर हो सकता है, लेकिन जनता के दिल में जगह बनाने के लिए केवल पैसा नहीं, भरोसा और जमीन पर काम भी चाहिए।

