गोरखपुर
पहले कंपोजिट और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में हो पदोन्नति: तारकेश्वर शाही 2600 शिक्षकों को मिल सकता है लाभ
पदोन्नति की नई व्यवस्था से खुलेंगे शिक्षकों के लिए अवसर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : परिषदीय विद्यालयों में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने नया सुझाव दिया है। संगठन के प्रदेश मंत्री एवं जिलाध्यक्ष तारकेश्वर शाही ने मांग की है कि पहले कंपोजिट और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के रिक्त पदों पर पदोन्नति की जाए। इससे प्राथमिक विद्यालयों में भी पदोन्नति के रास्ते खुलेंगे और करीब 2600 शिक्षकों को इसका लाभ मिल सकता है।
तारकेश्वर शाही के मुताबिक, जिले में 2500 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें 1663 प्राथमिक, 462 कंपोजिट और 375 पूर्व माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। उनका दावा है कि सभी 837 कंपोजिट एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रधानाध्यापक विहीन हैं और प्रभारी प्रधानाध्यापकों के भरोसे संचालित हो रहे हैं। वहीं, 900 से अधिक प्राथमिक विद्यालयों में भी प्रधानाध्यापकों के पद रिक्त हैं।
तारकेश्वर शाही ने सुझाव दिया कि पहले कंपोजिट और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के 837 रिक्त पदों पर पदोन्नति की जाए। इससे प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की पदोन्नति के अवसर बढ़ेंगे। संगठन का दावा है कि इस प्रक्रिया से करीब 1750 प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों सहित कुल 2600 शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिल सकता है।
तारकेश्वर शाही ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से इस सुझाव पर गंभीरता से विचार कर पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे शिक्षकों को लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति मिलेगी और विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की कमी भी दूर होगी।


