नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : वार्ड 66 के पशुपतिनगर क्षेत्र में एक लगभग एक मीटर लंबे सांप के निकलने से स्थानीय लोगों में दिनभर दहशत का माहौल बना रहा। सांप का नाम चैकर्ड कीलबैक बताया गया। सुबह करीब 10 बजे स्थानीय निवासी सौरभ दुबे की कार में सांप दिखाई दिया। उसे डंडे की मदद से भगाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह घर के सामने बनी नाली में जा घुसा। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों में भय व्याप्त हो गया और सांप को पकड़ने के लिए दिनभर प्रयास होते रहे। स्थिति यह थी कि लोग अपने घरों में आने-जाने से भी डरने लगे। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने सबसे पहले डायल 112 पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सांप नाली के अंदर छिप जाने के कारण उसे बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। इसके बाद एक अन्य सांप रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया, लेकिन वह भी सांप को पकड़ने में सफल नहीं हो पाई। आखिरकार शाम करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने कानपुर की सामाजिक संस्था सेवादान फाउंडेशन से संपर्क किया। सूचना मिलते ही संस्था के अध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी रेस्क्यू से संबंधित आवश्यक उपकरणों के साथ पशुपतिनगर स्थित झंडा पार्क के पास पहुंचे। उन्होंने काफी सावधानी के साथ करीब 15 से 20 मिनट के प्रयास में लगभग एक मीटर लंबे सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान सांप की पूंछ के पास चोट लगी हुई थी। आशुतोष त्रिपाठी ने तत्काल प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) देकर उसकी देखभाल की और उसे सुरक्षित डिब्बे में रखकर प्राकृतिक आवास में छोड़ने के लिए रवाना हो गए। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय निवासियों ने सेवादान फाउंडेशन के अध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी एवं उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि समय रहते सांप का रेस्क्यू होने से क्षेत्र में बना भय समाप्त हुआ और एक बेजुबान जीव की जान भी सुरक्षित रही। इस दौरान प्रमुख रूप से सौरभ द्विवेदी, मोनी द्विवेदी, सविता अवस्थी, बबली सिंह, महेंद्र सिंह चौहान, कैलाश अवस्थी, श्याम शुक्ला, विशाल मिश्रा, वेदांत अवस्थी, सौम्या, अपेक्षा, आकाश, पार्थ सहित अनेक क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



