राजनीतिराष्ट्रीयलखनऊ

लखनऊ में राजनाथ सिंह, बोले- इकोनामी, स्पेस व एआई के साथ आध्यात्मिक चेतना महत्वपूर्ण

गुलजार उपवन में 'दिव्य संस्कृति भवन' का लोकार्पण

लखनऊ में ब्रह्मकुमारीज की शांति व ब्रह्मोस की शक्ति का संगम
अगला चुनाव कैसे जीते की जगह अगली पीढ़ी को कैसे संवारे की सोच जरूरी

लखनऊ। देश के रक्षामंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को अपने ही संसदीय क्षेत्र के एक कार्यक्रम में सवाल किया कि 21वीं सदी के भारत में आध्यात्मिकता का क्या स्थान होगा।
उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा कि देश ऐसे दौर में है जहां अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ रही है, स्पेस में पहुंचने के साथ आर्टिफिशल इंटेलीजेंस के क्षेत्र में दखल बढ़ रहा है लेकिन यदि मन पर नियंत्रण नहीं है तो सब बेकार है। ऐसे में ब्रह्मकुमारीज का महत्व बढ़ जाता है, क्योंकि वह मन की जीतने की कला सिखा रहे हैं। जोर देकर कहा कि भारत आध्यात्मिकता के साथ चलकर ही विकसित होगा और विश्व गुरु बनेगा।
सुलतानपुर रोड पर गुलजार उपवन में शुक्रवार को ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का लोकार्पण करने के बाद रक्षामंत्री ने कहा कि आध्यात्मिकता का अर्थ स्वयं के शरीर से आगे देखना है। तनाव, चिंता व प्रमाद आध्यात्मिक चेतना के प्रकाश से ही दूर होगा। यह चेतना लोगों को संसार से विरक्त नहीं करती बल्कि समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाती है। लखनऊ में ही एक ओर ब्रह्मकुमारीज की शांति है तो दूसरी ओर ब्रह्मोस की शक्ति भी है।
समाज सन्मार्ग की ओर ले जाती है राजनीति
उन्होंने कहा कि विकसित भारत में नागरिकों को ईमानदार, अनुशासित और राष्ट्र भक्त बनाने का काम यही चेतना करेगी। युवाओं को राजनीति को सही अर्थ में समझना होगा, राजनीति आरोप प्रत्यारोप व वाद विवाद तक सीमित नहीं है बल्कि यह समाज सन्मार्ग की ओर ले जाती है। रक्षामंत्री ने कहा कि अगला चुनाव कैसे जीते की जगह अगली पीढ़ी को कैसे संवारे की सोच जरूरी है। युवा दुनिया से जुड़ें लेकिन उनको जड़ों से भी जुड़े रहना होगा। सफल बनने के बजाय सार्थक बने रहने के लिए कार्य करें।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि तन और मन के बीच हमेशा युद्ध चलता है, मन को जीतना ही श्रेष्ठ विजय है। ब्रह्माकुमारीज लखनऊ की सब-जोन इंचार्ज राजयोगिनी बीके राधा दीदी ने स्वागत करते हुए कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थापना के 90 वर्ष पूर्ण होने तथा लखनऊ में संस्था की आध्यात्मिक सेवाओं के 72 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
समारोह को राजयोगिनी बी.के. आशा दीदी (निदेशक, ओम शांति रिट्रीट सेंटर, दिल्ली), राजयोगिनी बी.के. मनोरमा दीदी (सब-जोन इंचार्ज, ब्रह्माकुमारीज प्रयागराज) तथा राजयोगी बी.के. मृत्युंजय भाई (अतिरिक्त महासचिव, ब्रह्माकुमारीज, माउंट आबू, राजस्थान) की ने भी संबोधित किया। यहां पर महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक योगेश शुक्ल, अमरेश कुमार, रामचंद्र प्रधान, आनंद द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button