कैराना

कैराना में धड़ल्ले से लगाया रहा अवैध मेला, प्रशासन बेखबर

 पिछले साल झूले से गिरकर हुई थी युवक की मौत, फिर बेरोकटोक चल रही तैयारियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कैराना। नगर के झाड़खेड़ी रोड पर एक बार फिर मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिस स्थान पर पिछले साल झूले से गिरकर एक युवक की जान चली गई थी, उसी भूमि पर बिना प्रशासनिक अनुमति धड़ल्ले से झूले और अन्य सामान सजाया जा रहा है। इसके बावजूद प्रशासन अनजान बना हुआ है।
झाड़खेड़ी रोड स्थित भूमि पर कई वाहनों में मेला सजाने का सामान लाया गया है। यहां आसमानी झूले सहित अन्य झूले लगाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा मेले से संबंधित अन्य सामान भी लाया गया है। आयोजकों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि मेले के नियम—कायदे तो दूर, बल्कि अनुमति भी अभी प्रशासन की ओर से नहीं दी गई है। इससे पहले ही धड़ल्ले से मेला लगाना शुरू कर दिया गया है। इस भूमि को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं। बताया जाता है कि नवंबर 2025 में इसी स्थान पर लगे मेले में नगर के मोहल्ला बेगमपुरा निवासी आसिफ (25) चलते झूले से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस हादसे के बावजूद एक बार फिर उसी स्थान पर मेले की तैयारियां शुरू होने से तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की अनुमति के बिना झूले लगाए जाने पर जिम्मेदारों की निगरानी भी सवालों के घेरे में है।
इस बार हादसा हुआ तो कौन होगा जिम्मेदार?
पिछले साल झूले से गिरकर युवक की मौत के बाद भी उसी स्थान पर दोबारा मेले की तैयारियां शुरू होना कई सवाल खड़े कर रहा है। मेले में लगाए जाने वाले झूलों की सुरक्षा, उनकी क्षमता और तकनीकी जांच बेहद जरूरी है। ऐसे में जब आयोजन की अनुमति ही नहीं है तो झूले लगाने और मेले की तैयारियां करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? यदि इस बार भी कोई हादसा हुआ तो उसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? क्या प्रशासन किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?
इन्होंने कहा…
झाड़खेड़ी रोड पर मेले की अनुमति नहीं दी गई है। बिना अनुमति मेला नहीं लगने दिया जाएगा।
— शिवाजी यादव, एसडीएम कैराना।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button