ललितपुर
यह सड़क नहीं, गड्ढों का रास्ता है
ठाकुर बाबा कॉलोनी में सड़क बदहाल, राहगीरों को हो रही भारी परेशानी

चांदमारी सिविल लाइन में विशालकाय गड्ढों ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई मरम्मत, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के चांदमारी सिविल लाइन स्थित ठाकुर बाबा कॉलोनी में सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। यहां सड़क पर जगह-जगह विशालकाय गडढे हो गए हैं, जिन्हें देखकर ऐसा लगता है कि यह सड़क नहीं, बल्कि गडढों से भरा कोई रास्ता है। बदहाल सड़क के चलते वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है। वहीं, पैदल चलने वाले लोगों को भी संभलकर रास्ता पार करना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों और वृद्धजनों को हो रही है। कॉलोनी की महिलाओं को आंवला मंदिर जाने के दौरान भी इन गडढों के कारण काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक गडढों की मरम्मत कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते मोहल्लेवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों से सड़क की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द गडढों की मरम्मत कराने तथा सड़क को गडढामुक्त किए जाने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।



