शामली

निक्षय मित्र बनकर राजमहल विधायक ने 50 टीबी मरीजों को लिया गोद,वितरित किए पोषण किट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले के राजमहल में 16 नवंबर 2026 को झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा एवं टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अनुमंडलीय अस्पताल,राजमहल में टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने एवं टीबी रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मो.ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए कुल 50 टीबी मरीजों को गोद लिया तथा उनके बीच पोषण किट का वितरण किया।सर्वप्रथम अतिथियों ने दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का सपना तभी साकार हो सकता है,जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आगे आए।टीबी केवल एक व्यक्ति की बीमारी नहीं है,बल्कि इसके उन्मूलन के लिए पूरे समाज के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को समय पर पौष्टिक आहार, नियमित दवा एवं परिवार तथा समाज का सहयोग मिलना अत्यंत आवश्यक है।मरीजों को गोद लेकर पोषण किट उपलब्ध कराना उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं सक्षम व्यक्तियों से अपील की है कि वे टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आएं और जिले को टीबी मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने मरीजों को आश्वस्त किया कि टीबी के खिलाफ इस लड़ाई में समाज को मरीजों के साथ खड़ा होना चाहिए,न कि उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव करना चाहिए।इस अवसर पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ.किरण माला ने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी अवश्य है,लेकिन इसका पूर्ण उपचार संभव है।यदि किसी व्यक्ति में दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी,बुखार,रात में पसीना आना,वजन कम होना अथवा भूख नहीं लगने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं,तो उसे बिना देर किए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।उन्होंने आगे बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी की जांच एवं उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।उन्होंने कहा कि टीबी की पुष्टि होने पर मरीजों को नियमित रूप से निर्धारित अवधि तक दवा का सेवन करना चाहिए और बीच में दवा बंद नहीं करनी चाहिए।उपचार के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक भोजन भी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।निक्षय मित्र एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा मरीजों को गोद लेकर पोषण किट उपलब्ध कराना टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूती प्रदान करता है।अनुमंडलीय अस्पताल, राजमहल के उपाधीक्षक डॉ.उदय टुडू ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है।अस्पताल के माध्यम से टीबी मरीजों को आवश्यक जांच,उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों के उपचार में नियमित दवा सेवन, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच एवं पौष्टिक आहार का विशेष महत्व है।मरीजों को चाहिए कि वे चिकित्सकों द्वारा दिए गए परामर्श का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क करें।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी टीबी मरीजों को नियमित रूप से दवा सेवन करने, पौष्टिक भोजन लेने तथा उपचार की पूरी अवधि तक स्वास्थ्य विभाग के संपर्क में रहने की सलाह दी गई।साथ ही संबंधित क्षेत्र की सहियाओं को मरीजों के नियमित फॉलोअप,दवा सेवन एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी मरीजों को पोषण संबंधी सहयोग प्रदान करना,उपचार के प्रति उनका मनोबल बढ़ाना,समाज में टीबी के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करना तथा जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सहयोग से टीबी मुक्त भारत अभियान को जन आंदोलन का रूप देना था।वही मौके पर विधायक प्रतिनिधि मो.मारूफ उर्फ गुड्डू,बीपीएम अमित कुमार, एसटीएस संजय कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button