शामली
नाली निर्माण को लेकर विवाद, दो युवकों से लाठी-डंडों से मारपीट।
पांच नामजद समेत चार-पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, नौ लाख रुपये से बननी है 150 मीटर सड़क।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। क्षेत्र के गांव मंसूरा में विधायक निधि से प्रस्तावित सड़क निर्माण के साथ नाली बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दो युवकों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी, जिसमें दोनों को चोटें आईं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव मंसूरा निवासी जावेद पुत्र रियासत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव में विधायक निधि से सड़क निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। गांव के ही फरमान पुत्र इकराम, गय्यूर पुत्र मुलकी, प्रवेज पुत्र मुस्तकीम, फारूक पुत्र सिल्ला और उनके साथ चार-पांच अन्य लोग निर्माण कार्य का विरोध कर रहे थे। 12 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे जावेद और उनके ताऊ के बेटे जोशिल ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर उक्त लोगों ने दोनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। इसके बाद 14 नवंबर को पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी।ठेकेदार मारूफ के अनुसार, सड़क करीब 150 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी प्रस्तावित है। इसकी लागत लगभग नौ लाख रुपये बताई गई है। सड़क के एक तरफ पहले से नाली बनी हुई है, जबकि दूसरी तरफ करीब 30 मीटर तक नाली नहीं है। इसी हिस्से में नाली निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद है। एक पक्ष नाली बनवाना चाहता है, जबकि दूसरा पक्ष इसे पहले की स्थिति में ही रखना चाहता है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ है। फिलहाल सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



