शामली
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व: यमुना घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे एएसपी
12 गोताखोर तैनात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली कैराना। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के मद्देनजर मंगलवार को यमुना नदी घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने यमुना घाट पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस, पीएसी और अन्य थानों के पुलिस बल की तैनाती की गई है। नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्टीमर से लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है। इसके अलावा 12 गोताखोरों को भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट पर लगातार निगरानी रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्नान पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा रहा है।



