शामली
गंदेवड़ा संगम घाट पर पानी का इंतजार, कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान की तैयारियों पर उठे सवाल।
मिनी हरिद्वार के रूप में विकसित करने के दावों के बीच घाट सूखा, पानी नहीं छोड़े जाने से श्रद्धालुओं में नाराजगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जलालाबाद में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान करने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं को गंदेवड़ा संगम घाट पर पानी नहीं होने के कारण निराशा का सामना करना पड़ रहा है। धार्मिक पर्व नजदीक होने के बावजूद घाट पर अभी तक पानी नहीं पहुंचने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।गंदेवड़ा संगम घाट को मिनी हरिद्वार के रूप में विकसित करने की योजनाओं और दावों की चर्चा समय-समय पर होती रही है। लोगों को उम्मीद थी कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर घाट पर स्नान के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था होगी, लेकिन मौजूदा स्थिति देखकर श्रद्धालु सवाल उठा रहे हैं कि जब संगम घाट पर पानी ही नहीं है तो गंगा स्नान कैसे संभव होगा।कार्तिक पूर्णिमा हिंदू धर्म का महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना करते हैं। गंदेवड़ा संगम घाट पर भी आसपास के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। इसके बावजूद पानी की व्यवस्था नहीं होना प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब घाट को मिनी हरिद्वार बनाने की बात कही जाती है तो धार्मिक आयोजनों के समय बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। पर्व से पहले पानी की व्यवस्था नहीं होना श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय है।श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों तथा प्रशासन से मांग की है कि कार्तिक पूर्णिमा को देखते हुए गंदेवड़ा संगम घाट पर जल्द से जल्द पर्याप्त पानी छुड़वाया जाए, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के गंगा स्नान कर सकें।अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन और संबंधित विभागों पर टिकी हैं कि कार्तिक पूर्णिमा से पहले घाट पर पानी की व्यवस्था हो पाती है या श्रद्धालुओं को निराश होकर लौटना पड़ेगा।



